Accidental News / दुर्घटना की खबरें

शौच के लिए नहर किनारे गया युवक पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरा, मौत

पूरी रात चला रेस्क्यू, पानी बंद कराने के बाद सुबह मिला शव; पत्नी और एक साल की बेटी का रो-रोकर बुरा हाल

गंभीरपुर, आजमगढ़। थाना गंभीरपुर क्षेत्र के रसूलपुर बाज बहादुर गांव में मंगलवार शाम दर्दनाक हादसे में नहर में डूबने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। शौच के लिए नहर किनारे गए युवक का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। पूरी रात तलाश के बाद बुधवार सुबह उसका शव बरामद किया जा सका।

मृतक की पहचान सूरज राम पुत्र राजाराम के रूप में हुई है। बताया गया कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे सूरज राम गांव के उत्तरी छोर पर स्थित शारदा सहायक खंड-23 नहर के किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नहर के गहरे पानी में गिर गया।

बचाने के लिए ग्रामीणों ने लगाई छलांग

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने नहर में छलांग भी लगाई, लेकिन पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण सूरज का पता नहीं चल सका।

सूचना मिलते ही गोसाई की बाजार चौकी प्रभारी आशीष तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से देर रात तक युवक की तलाश की गई, लेकिन पानी अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली।

पानी बंद कराया, सुबह मिला शव

पुलिस और ग्रामीणों के प्रयास के बाद सिंचाई विभाग से संपर्क कर नहर में पानी का प्रवाह बंद कराया गया। बुधवार सुबह करीब 9 बजे पानी कम होने पर घटनास्थल के पास ही सूरज राम का शव बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पेंटिंग का काम कर परिवार का पालन-पोषण करता था

सूरज राम तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। वह पेंटिंग का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। करीब दो वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसकी एक वर्ष की मासूम बेटी है।

युवक की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बेटी को शायद अभी यह भी नहीं पता कि उसके सिर से पिता का साया उठ चुका है।

हादसे के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh