Crime News / आपराधिक ख़बरे

संविदा लाइनमैन विदेश में, भाई कर रहा नौकरी! अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप

तीन साल से विदेश में रहने वाले लाइनमैन की जगह भाई पर फर्जी तरीके से ड्यूटी करने का आरोप, क्षेत्र में वसूली से परेशान ग्रामीण ने डीएम से की शिकायत

दीदारगंज, आजमगढ़। मार्टीनगंज तहसील क्षेत्र के पुष्पनगर स्थित विद्युत केंद्र से संविदा लाइनमैन की जगह उसके भाई द्वारा फर्जी तरीके से नौकरी किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में क्षेत्र के सूघरपुर गांव निवासी राम अधार पुत्र राम सकल ने मंगलवार को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, फूलपुर तहसील क्षेत्र के सदरुद्दीनपुर गांव निवासी गयास अहमद पुत्र एकलाख अहमद की वर्ष 2023 में संविदा लाइनमैन के पद पर नियुक्ति हुई थी। आरोप है कि नियुक्ति के बाद से ही गयास अहमद लगातार करीब तीन वर्षों से विदेश में रह रहा है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गयास अहमद की अनुपस्थिति में उसका भाई एजाज अहमद पुत्र एकलाख अहमद कथित तौर पर फर्जी तरीके से लाइनमैन की नौकरी कर रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में विद्युत विभाग के संबंधित जेई और एसडीओ की मिलीभगत है।

क्षेत्र में धन उगाही का भी आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि कथित फर्जी लाइनमैन के रूप में काम कर रहा एजाज अहमद क्षेत्र में विद्युत संबंधी कार्यों के नाम पर धन उगाही भी कर रहा है। इससे क्षेत्रीय उपभोक्ताओं और ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय स्तर पर इसकी अनदेखी के कारण समस्या लगातार बनी हुई है।

राम अधार ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संविदा लाइनमैन गयास अहमद की नियुक्ति, उपस्थिति और संबंधित अभिलेखों की जांच कराने के साथ ही एजाज अहमद की कथित फर्जी आईडी और नौकरी करने के मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

डीएम ने दिए जांच के आदेश

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत, फूलपुर को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि संविदा लाइनमैन की जगह उसका भाई वास्तव में ड्यूटी कर रहा था या नहीं और शिकायत में लगाए गए अधिकारियों की मिलीभगत एवं धन उगाही के आरोपों में कितनी सच्चाई है। खबर में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र पर आधारित हैं। आरोपों की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही होगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh