Politics News / राजनीतिक समाचार

विकासखंड स्तर पर विशेष शिविर लगाकर किसानों को उपलब्ध कराया जाए KCC: कृषि मंत्री

लखनऊ, 25 अगस्त 2026। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में मंगलवार को विधान भवन स्थित समिति कक्ष-8 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में कृषि मंत्री ने अवशेष 56.31 लाख KCC धारकों को फसल बीमा योजना से शत-प्रतिशत संतृप्त करने तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 83.90 लाख KCC के लक्ष्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और उन्हें आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

कृषि मंत्री ने निर्देश दिया कि बैंक, बीमा कंपनियां और कृषि विभाग आपसी समन्वय से विकासखंड स्तर पर विशेष अभियान एवं शिविर आयोजित करें, ताकि ‘ऑप्ट आउट’ करने वाले किसानों को छोड़कर शेष सभी KCC धारक किसानों को अनिवार्य रूप से फसल बीमा का सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया जा सके।

 

उन्होंने बैंकों को निर्देशित किया कि किसानों के KCC खातों से प्रीमियम की राशि काटे जाने के दो दिनों के भीतर बीमा कंपनियों को प्रेषित की जाए। साथ ही खरीफ-2026 में ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा प्रतिकूल मौसम के कारण फसल क्षति होने पर उसका त्वरित आकलन कर प्रभावित किसानों को समयबद्ध ढंग से क्षतिपूर्ति का भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

56.31 लाख KCC खाते अभी संतृप्त होना बाकी

 

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 1.10 करोड़ KCC के सापेक्ष वर्तमान में बैंकों द्वारा 17.07 लाख किसानों को बीमित किया गया है। वहीं 39 लाख खाते अपात्र श्रेणी में हैं, जबकि 56.31 लाख खातों को अभी संतृप्त किया जाना शेष है।

 

वित्तीय वर्ष 2026-27 के 83.90 लाख KCC लक्ष्य के मुकाबले अब तक केवल 28.43 लाख KCC बनाए या नवीनीकृत किए जा सके हैं। इस प्रगति पर कृषि मंत्री ने असंतोष जताते हुए संबंधित विभागों एवं बैंकों को अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 

फसल बीमा में किसानों को मिला करोड़ों का मुआवजा

 

बैठक में बताया गया कि खरीफ 2025 में बीमित 20.63 लाख किसानों में से 7.26 लाख किसानों को 806.98 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति का भुगतान किया जा चुका है।

 

वहीं रबी 2025-26 में बीमित 18.57 लाख किसानों में से 1.66 लाख किसानों को अब तक 134.12 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि दी जा चुकी है।

 

बैठक में कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र, कृषि निदेशक उत्तर प्रदेश टीएम त्रिपाठी, निदेशक कृषि सांख्यिकी एवं फसल बीमा सुमिता सिंह समेत उद्यान विभाग, संस्थागत वित्त विभाग, व्यावसायिक एवं सहकारी बैंकों, ग्रामीण बैंकों, नाबार्ड, CSC और बीमा कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh