Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बेलवनिया प्राथमिक विद्यालय परिसर से जर्जर भवन का मलबा हटाया गया

•जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जिला प्रशासन ने कराई प्रभावी कार्रवाई

 

देवरिया । जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश के क्रम में विकास खंड रामपुर कारखाना अंतर्गत बेलवनिया प्राथमिक विद्यालय परिसर में स्थित गन्ना विभाग के जर्जर भवन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई। वर्ष 2022 में उक्त भवन की नियमानुसार नीलामी हो चुकी थी, लेकिन विवाद के चलते नीलामी के बाद भी भवन का मलबा मौके से हटाया नहीं जा सका था।

 

जिलाधिकारी के संज्ञान में प्रकरण आने के उपरांत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए विद्यालय परिसर से मलबा हटाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन के सहयोग एवं संबंधित विभागों के समन्वय से आज उक्त जर्जर भवन का मलबा पूरी तरह हटवा दिया गया।

 

मलबा हटाए जाने से बेलवालिया प्राथमिक विद्यालय परिसर अब अधिक सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित हो गया है। इससे विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों, शिक्षकों एवं विद्यालय आने वाले अभिभावकों को भी राहत मिलेगी। साथ ही विद्यालय परिसर में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।

 

जिला प्रशासन द्वारा जनहित एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में संबंधित अधिकारियों को भी सार्वजनिक परिसरों में जर्जर एवं निष्प्रयोज्य संरचनाओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh