छात्र संसद में गूंजा सेवा और अनुशासन का संकल्प, बाल भारती व कन्या भारती के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ, बैज लगाकर किया गया सम्मानित
कादीपुर (सुलतानपुर)। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, झारखंड कादीपुर में सोमवार को छात्र संसद, बाल भारती एवं कन्या भारती का शपथ ग्रहण समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने पद एवं दायित्व की शपथ लेते हुए विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कादीपुर आनंद जायसवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. इंदु शेखर उपाध्याय, विद्यालय प्रबंधक दयाराम यादव एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन के साथ किया। संगीत विभाग की बहनों ने मां भारती की वंदना 'जय जननी जय' तथा शपथ गीत प्रस्तुत किया। गीतों की प्रस्तुति से समारोह का वातावरण संस्कार एवं राष्ट्रभावना से ओतप्रोत हो गया।
मुख्य अतिथि आनंद जायसवाल ने बाल भारती के प्रधानमंत्री को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. इंदु शेखर उपाध्याय ने परिषद मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री को शपथ दिलाई। विभाग मंत्री को विद्यालय के प्रबंधक दयाराम यादव ने तथा छात्र संसद की शपथ सभासद बृजेश सिंह ने दिलाई।
बाल भारती के प्रधानमंत्री विश्व पांडेय और कन्या भारती की प्रधानमंत्री अनन्या शुक्ला ने अपने-अपने पद की शपथ ग्रहण की। इसके साथ ही उपप्रधानमंत्री, अनुशासन मंत्री, सेनापति और संसदीय कार्य मंत्री समेत अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
बैज लगाकर किया सम्मानित
शपथ ग्रहण के बाद बाल भारती, कन्या भारती और छात्र संसद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों एवं विद्यालय के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को बैज लगाकर उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और जिम्मेदारी का भाव स्पष्ट दिखाई दिया।
बाल भारती में उपाध्यक्ष आचार्य नीरज पांडेय, प्रधानमंत्री विश्व पांडेय, उपप्रधानमंत्री अविरल सिंह, अनुशासन मंत्री गणेश प्रजापति, उप अनुशासन मंत्री सूर्यांश पांडेय, सेनापति अभि बरनवाल, उपसेनापति अनितेज सिंह तथा संसदीय कार्य मंत्री विराट प्रताप सिंह ने दायित्व ग्रहण किया।
कन्या भारती में उपाध्यक्ष श्रीमती गीता शुक्ला, प्रधानमंत्री अनन्या शुक्ला, उपप्रधानमंत्री ईशा पटेल एवं पंखुड़ी पांडेय, अनुशासन मंत्री अंशिका सिंह, उप अनुशासन मंत्री अंशिका उपाध्याय, सेनापति भूमिका अग्रहरि, उपसेनापति अनन्या सिंह तथा संसदीय कार्य मंत्री आकृति यादव ने शपथ ली।
पद सम्मान के साथ जिम्मेदारी भी : डॉ. उपाध्याय
कार्यक्रम की प्रस्ताविकी विद्यालय के प्रबंधक दयाराम यादव ने प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि आनंद जायसवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र संसद केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी, निर्णय लेने की क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से विद्यालय के अनुशासन और संस्कारों को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. इंदु शेखर उपाध्याय ने विद्यार्थियों को उनके दायित्वों एवं कार्य करने की पद्धति के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी पद के साथ मिलने वाला सम्मान तभी सार्थक है, जब उसका निर्वहन सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। विद्यार्थियों को अपने आचरण से अन्य छात्रों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अवधेश कुमार मिश्रा ने आभार ज्ञापित करते हुए मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन, आचार्यगण और सभी छात्र-छात्राओं के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में बृजेश सिंह, घनश्याम जायसवाल, राजेश मिश्रा, शैलेंद्र उपाध्याय समेत विद्यालय के समस्त आचार्यगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

























































Leave a comment