Latest News / ताज़ातरीन खबरें

योगी सरकार का बड़ा फैसला: यूपी में तीन नए निजी विश्वविद्यालयों को संचालन की मंजूरी

लखनऊ, 6 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश में तीन नए निजी विश्वविद्यालयों के संचालन को मंजूरी दे दी है। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर इन विश्वविद्यालयों के प्रबंधन को 'संचालन प्राधिकार पत्र' (अनुज्ञा पत्र) सौंपे।

 

प्रदेश में स्थापित होने वाले इन नए विश्वविद्यालयों से गाजियाबाद, कानपुर और फतेहपुर के छात्रों को उच्च, तकनीकी और कृषि शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे तथा स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।

 

इन विश्वविद्यालयों को मिली मंजूरी

 

अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय – गाजियाबाद

 

महर्षि महेश योगी इंटरनेशनल एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय – बिल्हौर, कानपुर नगर

 

ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय – फतेहपुर

 

 

उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि इन विश्वविद्यालयों की स्थापना उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 में किए गए संशोधनों के तहत की गई है। शासन ने संबंधित अध्यादेशों के माध्यम से संचालन की अधिसूचनाएं जारी कर दी हैं।

 

उन्होंने संबंधित संस्थाओं से शासन द्वारा निर्धारित सभी मानकों, नियमों एवं शर्तों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक और मूल्य आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने की अपेक्षा जताई।

 

मंत्री ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश में निजी निवेश को बढ़ावा देकर उच्च शिक्षा के ढांचे को मजबूत बना रही है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण सुविधाएं, बेहतर शोध वातावरण और रोजगारोन्मुख शिक्षा का लाभ मिल सके।

 

इस अवसर पर संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आधिकारिक संचालन प्राधिकार पत्र प्रदान किए गए।

 

(सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी विज्ञप्ति पर आधारित)


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh