इलाज के दौरान महिला की हालत बिगड़ी, रास्ते में मौत
आजमगढ़। जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के केदलीपुर ठेकमा स्थित किसलय सेवा सदन में रविवार शाम इलाज के दौरान 42 वर्षीय महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे दूसरे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची बरदह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव निवासी माधुरी देवी (42) पत्नी विनोद की तबीयत कई दिनों से खराब थी। परिजनों के अनुसार, उसे बुखार था और प्लेटलेट्स भी कम हो गई थीं। रविवार को परिजन उपचार के लिए उसे केदलीपुर ठेकमा स्थित किसलय सेवा सदन लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सक डॉ. संदीप मौर्य की देखरेख में उपचार शुरू हुआ। परिजनों का आरोप है कि महिला को बोतल चढ़ाई जा रही थी। एक बोतल चढ़ने के बाद दूसरी बोतल लगाए जाने के दौरान उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और मुंह से झाग निकलने लगा। इसके बाद चिकित्सक ने महिला को ऑटो से दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए कहा। परिजनों के मुताबिक, दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही महिला ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन अस्पताल के बाहर पहुंचकर हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर बरदह पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















































Leave a comment