Latest News / ताज़ातरीन खबरें

₹50 हजार का इनामी गैंगस्टर रब्बानी गिरफ्तार, सियरहा अंडरपास से पुलिस ने दबोचा

बिलरियागंज/आजमगढ़। थाना बिलरियागंज पुलिस ने सोमवार को ₹50 हजार के इनामी गैंगस्टर अभियुक्त रब्बानी को सियरहा अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार रब्बानी संगठित गिरोह बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और गिरफ्तारी से बचने के लिए महाराष्ट्र/मुंबई में छिपा हुआ था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम जैगहा चौराहा व आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रब्बानी महाराष्ट्र/मुंबई से वापस आया है और एक्सप्रेस-वे के नीचे वाले रास्ते से कंधरापुर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने सियरहा अंडरपास से कंधरापुर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, पुलिस टीम को देखकर अभियुक्त भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन आवश्यक बल प्रयोग कर उसे पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी का समय करीब सुबह 06:46 बजे बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक रब्बानी और उसके साथियों के खिलाफ बिलरियागंज थाने में मोबाइल चोरी से संबंधित मुकदमा संख्या 276/24, 277/24 और 278/24 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत दर्ज थे। विवेचना के दौरान अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ कुल छह चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। तीनों मामलों में आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है।
अपराधिक गतिविधियों के आधार पर रब्बानी व उसके साथियों के विरुद्ध 26 मई 2026 को गैंग चार्ट का अनुमोदन हुआ। इसके बाद बिलरियागंज थाने में मुकदमा संख्या 143/26, धारा 2(b)(1), 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रब्बानी पुत्र फिरोज, निवासी अयूब नगर कस्बा, थाना बिलरियागंज, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 31 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध चोरी, चोरी का माल बरामदगी, आबकारी अधिनियम, आयुध अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल सात मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार रब्बानी की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी आजमगढ़ ने 5 सितंबर 2026 को ₹25 हजार का पुरस्कार घोषित किया था। बाद में डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र के आदेश पर 16 सितंबर 2026 को पुरस्कार राशि बढ़ाकर ₹50 हजार कर दी गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक अक्षयदीप सिंह, कांस्टेबल अजीत कुमार यादव, सुरेन्द्र पाल, मोहन कुमार भारती, अजय कुमार पाठक, सुमित कुमार राव तथा रिजर्व महिला कांस्टेबल हरिप्रिया सिंह और कोमल शामिल रहीं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh