पत्रकार पुरम का रास्ता बदहाल, जलभराव से आवागमन प्रभावित, शिव नगर के लोगों ने नगरपालिका प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप
बिलरियागंज/आजमगढ़। स्थानीय नगर पालिका परिषद बिलरियागंज के शिव नगर स्थित पत्रकार पुरम में आने-जाने का मार्ग इन दिनों पूरी तरह बदहाल हो गया है। मार्ग पर लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के चलते सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।
स्थानीय निवासी प्रमोद, मोती, किशन पटवा, दुर्गा गुप्ता, प्रदीप यादव, श्रीराम यादव, प्रिंस गुप्ता, आदित्य, अनिल यादव, संदीप आदि ने बताया कि मार्ग की मरम्मत और जलभराव की समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला, चेयरमैन प्रतिनिधि कोमल पासवान तथा वरिष्ठ लिपिक विजय यादव से मौखिक शिकायत की जा चुकी है।
लोगों के मुताबिक नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा बताया जाता है कि उक्त मार्ग की फाइल मुख्यमंत्री सृजन योजना में भेजी गई है। फाइल स्वीकृत होने के बाद ही मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जरूरी स्थानों पर सड़क निर्माण और मरम्मत की जरूरत होने के बावजूद कार्य नहीं कराया जा रहा है, जबकि अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
इसी तरह बिलरियागंज के इंडियन बैंक से रौनापार जाने वाले बाईपास मार्ग की हालत भी काफी खराब बताई जा रही है। इस मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और खराब सड़क के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर कई विद्यालय एवं कॉलेज भी स्थित हैं, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और लोगों का आवागमन होता है।
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से पत्रकार पुरम सहित इंडियन बैंक-रौनापार बाईपास मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।





















































Leave a comment