Accidental News / दुर्घटना की खबरें

बहन के घर से बाइक से लौट रहा था युवक,ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

 •सठियांव में जहानागंज मोड़ के पास हुआ हादसा

आजमगढ़/मुबारकपुर। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के सठियांव स्थित जहानागंज मोड़ के पास शुक्रवार शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

 

मऊ जनपद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के सैय्यबड़ा गांव निवासी पवन कुमार पुत्र विजय कुमार शुक्रवार को जहानागंज थाना क्षेत्र के कुंजी गांव स्थित अपनी बहन रंजना के घर गया था। शाम को वह बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान सठियांव में जहानागंज मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पवन बाइक से सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मुबारकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी।

 

पवन तीन भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर था। महज 19 वर्ष की उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी शोक का माहौल है।

 

मुबारकपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh