Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सुधाकर पाठक हत्याकांड में नया मोड़: कोर्ट की सख्ती के बाद 4 माह बाद दर्ज हुई FIR, शराब ठेके से जुड़े 6 नामजद

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के गुरुटोला निवासी पत्रकार पदमाकर पाठक के भाई सुधाकर पाठक की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की सख्ती के बाद पुलिस ने घटना के लगभग चार महीने बाद एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने विजयालक्ष्मी राय के देशी शराब ठेके से जुड़े छह नामजद तथा अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

यह मामला 16 अप्रैल 2026 का है। परिजनों के अनुसार उस दिन शाम करीब 5:30 बजे पत्रकार पदमाकर पाठक को सूचना मिली कि पुराने जेल के सामने पावर हाउस के पीछे बंधे पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को लावारिस मानते हुए कब्जे में ले लिया। बाद में मोबाइल और शव की तस्वीर से मृतक की पहचान सुधाकर पाठक के रूप में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के गले पर गंभीर चोट, गले की हड्डी टूटने तथा शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने की पुष्टि हुई। परिजनों का आरोप है कि सिविल लाइन स्थित कोइरी का पोखरा के पास विजयालक्ष्मी राय के देशी शराब ठेके पर पैसों के लेन-देन को लेकर सुधाकर पाठक के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि पिटाई के बाद उनकी हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को टोटो में लादकर पुराने जेल के सामने सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मृतक की जेब से वीवो मोबाइल, पर्स, एटीएम कार्ड एवं अन्य दस्तावेज निकाल लिए गए। परिजनों का दावा है कि पूरी घटना शराब ठेके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। वहीं, शव को ले जाने में प्रयुक्त टोटो संख्या UP50 CT 5777 भी कथित रूप से पुलिस के कब्जे में है।

परिजनों का कहना है कि पुलिस अधीक्षक एवं शहर कोतवाली में शिकायत करने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उन्होंने धारा 173(4) बीएनएस के तहत मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यवीर सिंह की अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। अदालत द्वारा रिपोर्ट तलब किए जाने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर निष्पक्ष विवेचना की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh