Accidental News / दुर्घटना की खबरें

बैद्यनाथ धाम से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रेलर से टकराईं तीन घायल देवगांव क्षेत्र में हादसा, स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह बाबा बैद्यनाथ धाम से जलाभिषेक और दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, जनपद बस्ती निवासी पांच श्रद्धालु कार से झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। सुबह देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ऊ बाबा पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर चालक किसी कारणवश वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आदित्य पुत्र राजेंद्र, प्रेमचंद्र (38) पुत्र रामनयन और इंद्रसेन सिंह (32) पुत्र अंबिका सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं संजय चौधरी पुत्र रामशबद और रामकिशुन, निवासी जनपद बस्ती, को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय, लालगंज भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु करा दिया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh