उत्तर प्रदेश को तकनीकी नवाचार का हब बनाने की दिशा में बढ़ रही सरकार: आशीष पटेल
लखनऊ, 6 अगस्त। उत्तर प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और भविष्य की प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल की उपस्थिति में आईआईटी मंडी और आईआईटी इंदौर द्वारा अत्याधुनिक तकनीकों पर आधारित प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए गए।
प्रस्तुतीकरण के दौरान संस्थानों ने इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) तकनीक, स्पेस टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित स्किल डेवलपमेंट, शिक्षकों के क्षमता विकास तथा युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी रूप से दक्ष बनाने से जुड़े नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) में अत्याधुनिक तकनीकों पर आधारित एक विशेष टेक्नोलॉजी हब स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश को तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल, स्पेस टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों में युवाओं को दक्ष बनाना समय की आवश्यकता है और ऐसे नवाचार प्रदेश की तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देंगे।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन नवाचारों को संस्थागत स्तर पर प्रोत्साहित किया जाए तथा उद्योगों और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक और भविष्य उन्मुख तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में प्रमुख सचिव डॉ. एम.के.एस. सुंदरम, सचिव एवं महानिदेशक प्राविधिक शिक्षा सेल्वा कुमारी जे. सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।























































Leave a comment