प्रेमिका को देखकर 25 फीट ऊंचे टावर से उतरा युवक, शादी की जिद में मचा हंगामा
आजमगढ़। अजमतगढ़ क्षेत्र में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर उस समय हंगामा मच गया, जब 25 वर्षीय युवक प्रेमिका से शादी की जिद में करीब 25 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया। बाद में प्रेमिका के मौके पर पहुंचने पर युवक टावर से नीचे उतर आया।
अजमतगढ़ वार्ड नंबर-11 निवासी अजीम पुत्र असगर (25) शनिवार सुबह करीब सात बजे घर से निकला और एक टावर पर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि अजीम का एक युवती से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती के परिजनों की सहमति नहीं मिलने के कारण दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
बताया गया कि कुछ समय पहले अजीम ने कथित तौर पर युवती और उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज की थी। इस मामले में युवती की ओर से अजमतगढ़ पुलिस चौकी में शिकायत की गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझाया था, जिसके बाद मामला शांत हो गया था।
शनिवार सुबह टावर पर चढ़ने के बाद युवक गाली-गलौज करते हुए अपने पैसे हड़पने का आरोप भी लगा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को नीचे उतारने के लिए काफी मान-मनौव्वल की। काफी प्रयास के बाद जब उसकी प्रेमिका मौके पर पहुंची तो युवक उसे देखकर टावर से नीचे उतर आया।
इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को जीयनपुर थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हाईलाइट्स:
प्रेमिका से शादी की जिद में टावर पर चढ़ा युवक
करीब 25 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ने से मची अफरा-तफरी
पुलिस की समझाइश के बाद भी नहीं उतरा युवक
प्रेमिका के पहुंचते ही टावर से नीचे आया
दोनों पक्षों को थाने ले गई पुलिस






















































Leave a comment