कृषि मंत्री ने विभागीय योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा की
•कृषि भवन में नई डिजिटल उपस्थिति प्रणाली 'एईबीएएस' का हुआ औपचारिक उद्घाटन।
लखनऊ- 06 अगस्त, 2026उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आज कृषि भवन के समीक्षा कक्ष में विभागीय योजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष अच्छा प्रदर्शन न करने वाले योजना अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और कड़े निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जनपदों में उर्वरकों की आनुपातिक रूप से संतुलित आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
कृषि मंत्री ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कृषि यंत्रों की बुकिंग कराने वाले जिन किसानों को कृषि यंत्र नहीं मिल पाए थे, उन 38,568 कृषकों की 15.16 करोड़ रुपये की टोकन मनी बुकिंग धनराशि उनके खातों में वापस कर दी गई है। इसके साथ ही, गत वर्ष 2024-25 व 2023-24 के 9,837 किसानों की 3.57 करोड़ रुपये की धनराशि भी उनके खातों में वापस भेजने की कार्यवाही एक सप्ताह के भीतर पूरी कर ली जाएगी।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कृषि भवन में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) द्वारा विकसित 'आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली' (एईबीएएस) नामक नई डिजिटल उपस्थिति प्रणाली का औपचारिक रूप से उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि इस तकनीक के माध्यम से शासकीय कार्यों में समयबद्धता और कार्यकुशलता और अधिक मजबूत होगी, जिसके परिणामस्वरूप प्रदेश के किसानों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच को भी अधिक प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र, कृषि निदेशक त्र्यंबक मणि त्रिपाठी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






















































Leave a comment