Education world / शिक्षा जगत

जुनियर हाइस्कूल धरौली में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, टीम ने पोषण, स्वच्छता एवं माहवारी जागरूकता पर जोर

घोसी।मऊ। घोसी ब्लाक अंतर्गत जुनियर हाइस्कूल धरौली में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग घोसी की टीम द्वारा छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं किशोरावस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
   कार्यक्रम में डॉ. इन्द्रकेशयादव चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चे राष्ट्र के भावी नागरिक हैं। इनका स्वस्थ शरीर ही बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने बच्चों को हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल का सेवन करने और व्यक्तिगत एवं आसपास की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। 
 डॉ. प्रियंकागुप्ता चिकित्साधिकारी ने छात्राओं को किशोरावस्था एवं माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार, आयरन की पर्याप्तता तथा सेनेटरी नैपकिन के उचित उपयोग एवं स्वच्छ निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि माहवारी प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए इससे जुड़ी किसी भी समस्या को अभिभावकों, शिक्षकों या स्वास्थ्यकर्मियों से साझा करना चाहिए।
     इस अवसर पर स्टाफ नर्स ममता यादव तथा नेत्र परीक्षण अधिकारी जयप्रकाश यादव ने भी बच्चों को स्वास्थ्य एवं नेत्रों की देखभाल संबंधी जानकारी दी तथा संतुलित स्क्रीन उपयोग के लिए जागरूक किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वस्थ, स्वच्छ एवं जागरूक बालक-बालिकाएं ही स्वस्थ और प्रबुद्ध समाज का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं और विशेषज्ञों से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यालय परिवार ने स्वास्थ्य विभाग घोसी की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh