DIG सुनील कुमार सिंह सख्त: महिला अपराध और गैंगरेप के आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट, अवैध संपत्ति कुर्क करने के निर्देश
आजमगढ़। पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह ने अपराध नियंत्रण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए परिक्षेत्र के सभी जनपदों के क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस लाइन बलिया में आयोजित गोष्ठी में उन्होंने महिला अपराध, हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ तस्करी, वाहन चोरी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
DIG ने निर्देश दिया कि महिला अपराधों के आरोपियों के खिलाफ तत्काल प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई की जाए। हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गौ तस्करी, वाहन चोरी और मादक पदार्थ तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों पर नियमानुसार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए और अपराध से अर्जित अथवा अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर सीज/कुर्क करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ई-साक्ष्य से होगी विवेचना में पारदर्शिता
DIG ने विवेचनाओं में पारदर्शिता और साक्ष्यों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए 'ई-साक्ष्य' ऐप के माध्यम से घटनास्थल की वीडियोग्राफी, फोटोग्राफी और जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं अपराधियों की निगरानी के लिए 'यक्ष' ऐप पर हिस्ट्रीशीटरों से संबंधित डेटा को लगातार अपडेट रखने को कहा।
ऑपरेशन दृष्टि के तहत सीसीटीवी कैमरों का कवरेज बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों की निगरानी मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। सोशल मीडिया पर राष्ट्रविरोधी अथवा भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने को कहा गया।
अवैध शराब और ओवरलोड वाहनों पर सख्ती
DIG ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के साथ ही अवैध शराब के निष्कर्षण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। मुख्य बाजारों और हाईवे पर विशेष रूप से रात्रि गश्त एवं चेकिंग बढ़ाने को कहा गया।
उन्होंने IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने तथा मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए।
60 दिन से अधिक पुरानी विवेचनाएं जल्द पूरी हों
बैठक में DIG ने 60 दिन से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त सुनिश्चित करने को कहा।
DIG ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए।




















































Leave a comment