छात्र संघ चुनाव बहाल करने समेत 7 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन
आजमगढ़। प्रदेश के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव बहाल करने, मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने और जौहर यूनिवर्सिटी व महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय (MSDU) से जुड़े मामलों में प्रशासनिक मनमानी बंद करने की मांग को लेकर छात्रों ने बुधवार को जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा।
छात्रों ने कहा कि छात्र संघ लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। छात्र संघ के माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याएं विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचती थीं, लेकिन चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन में छात्रों ने विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में लगातार बढ़ रही फीस पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि फीस वृद्धि से छात्रों और उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। छात्रों ने पहले बढ़ाई गई फीस की समीक्षा करने तथा भविष्य में मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने की मांग की।
इसके अलावा छात्रों ने जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय के विरुद्ध बिना उचित वैधानिक आधार के कार्रवाई की जा रही है। वहीं, MSDU के अंतर्गत आने वाले कॉलेजों में प्रशासनिक स्तर पर मनमानी के कारण विद्यार्थियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों ने इन मामलों में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
7 सूत्रीय मांगें
छात्रों ने राज्यपाल को भेजे ज्ञापन में सात प्रमुख मांगें रखीं—
1. विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव तत्काल बहाल किए जाएं।
2. मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाई जाए।
3. पहले बढ़ाई गई फीस की समीक्षा की जाए।
4. जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ गैरकानूनी कार्रवाई बंद की जाए।
5. MSDU विश्वविद्यालय में प्रशासनिक मनमानी पर रोक लगाई जाए।
6. छात्रों का लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए।
7. फीस, छात्रवृत्ति और अन्य छात्र समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में लालजीत यादव, दिग्विजय यादव, ऋषभ मौर्य समेत कई छात्र नेता शामिल रहे। छात्रों ने कहा कि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए मजबूर होंगे।




















































Leave a comment