Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बिलरियागंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पूरे दिन लगा रहता है बाहरी मेडिकल संचालकों का जमावड़ा

• मरीजों के हाथ से दवा का पर्चा लेकर खुद दवा लाने का आरोप, जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

बिलरियागंज/आजमगढ़। बिलरियागंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर इन दिनों बाहरी मेडिकल स्टोर संचालकों और उनके लोगों की कथित सक्रियता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में पूरे दिन आसपास के निजी मेडिकल स्टोर संचालकों का जमावड़ा लगा रहता है और मरीजों से संपर्क कर उन्हें बाहर से दवा उपलब्ध कराने की कोशिश की जाती है।

आरोप है कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले कुछ मरीजों के हाथ से दवा का पर्चा लेकर बाहरी मेडिकल स्टोर से दवा लाने की व्यवस्था की जाती है। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। मरीजों का कहना है कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार और उपलब्ध सरकारी दवाओं की जानकारी स्पष्ट रूप से मिलनी चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अस्पताल परिसर में बाहरी मेडिकल स्टोर संचालकों या उनके प्रतिनिधियों की लगातार आवाजाही हो रही है तो इसकी जांच की जानी चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाना आवश्यक है कि मरीजों के पर्चे लेकर बाहर से दवा लाने की व्यवस्था कौन कर रहा है और इसके पीछे किसी प्रकार का व्यावसायिक हित तो नहीं है।

मरीजों और क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा अस्पताल परिसर में अनधिकृत रूप से बाहरी लोगों के जमावड़े पर रोक लगाने की जिला प्रशासन से मांग की है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh