Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सर्राफा कारोबारी ने फंदे से लटककर दी जान, एक वर्ष पहले हुई थी शादी, छह माह के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

•परिवार में कहासुनी के बाद छत के कमरे में गया था युवक

आजमगढ़। जनपद के शहर कोतवाली क्षेत्र के कोट किला रोड मोहल्ले में सोमवार रात एक सराफा कारोबारी का शव छत पर बने कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और विधिक कार्रवाई में जुट गई। कोट किला रोड निवासी 28 वर्षीय सुधीर वर्मा पुत्र स्वर्गीय जितेंद्र कुमार वर्मा सोमवार रात परिवार के साथ खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर परिवार में कहासुनी हो गई। इसके बाद रात करीब 12:30 बजे सुधीर छत पर बने कमरे में चले गए। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आए तो परिजनों ने छत पर जाकर कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका में परिजन पड़ोसी की छत के रास्ते अपनी छत पर पहुंचे। वहां टीनशेड के कमरे में सुधीर रस्सी के सहारे फंदे से लटके मिले। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि सुधीर की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और वह छह माह के बेटे के पिता थे। घटना के बाद पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh