Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 74 विद्यार्थियों को बांटी उपाधियां, 20 मेडल से चमके मेधावी

• आजमगढ़ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 74 विद्यार्थियों को बांटी उपाधियां, 20 मेडल से चमके मेधावी
•महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षोत्सव संपन्न, 1000 बेटियों का HPV टीकाकरण और 500 आंगनबाड़ी केंद्रों को किट वितरण
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में मंगलवार को महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ का तृतीय दीक्षोत्सव समारोह गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। राज्यपाल के विश्वविद्यालय पहुंचने पर मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और कुलपति ने शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया।
दीक्षोत्सव समारोह में कुल 74 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 26 छात्र और 48 छात्राएं शामिल रहीं। 11 विद्यार्थियों को स्नातक (यूजी) और 63 विद्यार्थियों को परास्नातक (पीजी) की उपाधि प्रदान की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 20 पदकों से सम्मानित किया गया।
1000 बेटियों का HPV टीकाकरण
समारोह के दौरान छात्राओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य को लेकर महत्वपूर्ण पहल भी की गई। विश्वविद्यालय की ओर से 1000 बेटियों का HPV टीकाकरण कराया गया। इसके साथ ही आजमगढ़ और मऊ जनपदों के 500 आंगनबाड़ी केंद्रों को किट वितरित की गईं।
बच्चों की प्रतिभा और स्टार्टअप प्रदर्शनी का अवलोकन
विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न विषयों पर पांच स्टॉल लगाए गए थे। इनमें छोटे बच्चों की चित्रकला तथा स्टार्टअप से संबंधित प्रदर्शनी प्रमुख रही। राज्यपाल ने सभी स्टॉलों का अवलोकन कर बच्चों एवं प्रतिभागियों की प्रतिभा की सराहना की।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए पांच गांवों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा प्रेरणादायक प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया।
गुजराती पटोला कला के लिए पंकजभाई मकवाना को मानद उपाधि
दीक्षोत्सव के दौरान भारतीय पटोला कला को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले श्री पंकजभाई डूंगरभाई मकवाना को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मानद उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में उपाधि और पदक पाने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी नजर आई। राज्यपाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन और देश-प्रदेश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh