अमिला में बैंक लोन से परेशान व्यक्ति की मौत से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन। एसडीएम मौके पर पहुंचे
घोसी।मऊ। नगर पंचायत अमिला की सोनकर बस्ती में मंगलवार शाम एक ग्रामीण की मौत के बाद माहौल गरमा गया। गोरेलाल सोनकर पुत्र गनई सोनकर की शाम करीब चार बजे मौत हो गई। परिजनों ने मौत के पीछे लोन की वसूली को लेकर बनाए जा रहे कथित दबाव को वजह बताते हुए बैंक मित्र और बैंककर्मियों की भूमिका पर सवाल उठाए। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और शव को अमिला-बोझी मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम अशोककुमारसिंह एवं सीओ जितेंद्र सिंह ने लोगों को समझा कर शांत किया।
परिजनों का आरोप है कि गोरेलाल ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अमिला से लोन लिया था। आरोप है कि बैंक मित्र लोन की रकम लेकर एक वर्ष से अधिक समय से फरार है। इसके बावजूद लोन की वसूली का दबाव गोरेलाल पर बनाया जा रहा था। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि लगातार वसूली के दबाव के कारण गोरेलाल मानसिक रूप से परेशान थे।
मंगलवार शाम उनकी मौत की सूचना बस्ती में पहुंचते ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। कुछ ही देर में ग्रामीणों ने अमिला-बोझी मार्ग पर शव रख दिया और आवागमन रोक दिया। सड़क पर जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
ग्रामीणों ने कहा कि बैंक मित्र द्वारा रकम लिए जाने के आरोप की पहले जांच होनी चाहिए थी। उनका कहना था कि यदि लोन की रकम किसी दूसरे व्यक्ति के पास गई थी तो उसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए थी। ग्रामीणों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के साथ दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
जाम की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत शुरू की। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। एसडीएम अशोककुमारसिंह एवं सीओ जितेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। समझाने पर लोग जाम समाप्त किया।
मामले में मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। परिजनों ने हार्ट अटैक की बात कही है जबकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी। बैंक मित्र और बैंककर्मियों पर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।



























































Leave a comment