Latest News / ताज़ातरीन खबरें

संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

देवरिया ।भाटपाररानी तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने जनसुनवाई की। इस दौरान अधिकारियों ने एक-एक समस्याओं को गंभीरता से सुना और उसके गुणवत्तापूर्ण व समयबद्धता के साथ निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

        जिलाधिकारी ने राजस्व कर्मियों सहित सभी विभागों के अधिकारियों को संपूर्ण समाधान दिवस सहित विभिन्न स्तरों से प्राप्त शिकायती प्रकरणों का निस्तारण समयबद्धता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही कदापि न बरती जाए, अन्यथा कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। 

          जिलाधिकारी ने लेखपालों को आगाह करते हुए कहा कि यदि सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जा मिलेगा तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कानूनगो स्तर पर धारा-24, 116, निर्विवाद वरासत, अंश निर्धारण, फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि राजस्व वादों में कोई भी रिपोर्ट लंबित उनके स्तर पर न रहे। साथ ही वादों का निस्तारण राजस्व न्यायालय से जुड़े सभी पीठासीन अधिकारी सुनिश्चित करें। किसी भी दशा में कोई पुराना प्रकरण लंबित न रहे।

         जिलाधिकारी ने लेखपालों से निर्विवाद वरासत के निरस्त किए गए प्रकरणों के संबंध में पूछताछ की और कहा कि निर्विवाद वरासत किसी भी स्तर पर लंबित न रहे तथा इसमें हीलाहवाली कदापि न बरती जाए।

        आयोजित इस समाधान दिवस में ग्राम पकड़ी बाबू निवासी रितुल बिसेन ने नगर पंचायत भाटपाररानी में घटिया निर्माण कार्य व भ्रामक आख्या दिए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को इस प्रकरण के निस्तारण के लिए निर्देशित किया।

          ग्राम करौंदा निवासी दिनेश नारायण पांडेय द्वारा गांव में अमानक निर्माण कार्य की शिकायत की गई, जिसके लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देशित किया गया।

        फरियादी दया देवी निवासी पिपरा बघेल दक्षिण पट्टी ने पुलिस से संबंधित दर्ज मुकदमे की जांच कराए जाने संबंधी शिकायती प्रकरण प्रस्तुत की। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिया गया। तहसील परिसर में खराब पानी की टंकी व दो वर्षों से जलापूर्ति बंद होने की शिकायत प्रमोद गुप्ता द्वारा की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्यवाही किए जाने हेतु निर्देशित किया। 

          आयोजित इस तहसील दिवस में पहुंचे जिलाधिकारी ने सबसे पहले तहसीलदार न्यायालय का निरीक्षण किया। धारा-34 के लंबित पुराने प्रकरणों की पत्रावलियां मंगाकर देखीं तथा लंबित पुराने पत्रावलियों को शीघ्रता के साथ निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम स्वच्छता स्वास्थ्य पोषण समिति के तहत आयोजित सत्र की वास्तविकता जानने के लिए अधिकारियों को चेकलिस्ट के साथ भेजा एवं निरीक्षण कर आख्या दे के लिए निर्देश दिया। 

      पुलिस अधीक्षक ने भी पुलिस विभाग से जुड़े सभी प्रकरणों की सुनवाई करते हुए संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि समयबद्धता के साथ फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें।

        तहसील दिवस समाप्ति उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील परिसर का निरीक्षण अधिवक्ताओं के साथ किया और उनके द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान का आश्वासन भी दिया।

         तहसील दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, डीएफओ कासरला राजू, क्षेत्राधिकारी, उप जिलाधिकारी दीप राज सिंह, तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार मनीष मिश्रा, उप संचालक चकबंदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh