Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ जिला कारागार का निरीक्षण: सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बंदियों को बताए कानूनी अधिकार, महिला बैरक और बाल बैरक का लिया जायजा

आजमगढ़, 20 जून 2026।मा० उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं मा० जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के निर्देशों के क्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नितिका राजन ने शनिवार को जिला कारागार, आजमगढ़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, विधिक सहायता और बंदियों की समस्याओं का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के समय जिला कारागार में कुल 1192 बंदी निरुद्ध पाए गए, जिनमें 48 महिला, 1072 पुरुष तथा 72 अल्पवयस्क बंदी शामिल हैं। जेल परिसर एवं जेल लीगल एड क्लीनिक में साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जेल में कार्यरत चार पराविधिक स्वयंसेवकों ने बताया कि जिन बंदियों के पास अधिवक्ता नहीं होता, उनका प्रार्थना पत्र तैयार कर सत्यापन के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजा जाता है।

बाल बैरक के निरीक्षण के दौरान बंदी रोहित राजभर ने बताया कि उनके मुकदमे की पैरवी के लिए अभी तक अधिवक्ता नामित नहीं किया गया है। इस पर सचिव ने जेल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

महिला बैरक में सभी महिला बंदियों से उनके मुकदमों की पैरवी के संबंध में जानकारी ली गई, जहां सभी के लिए अधिवक्ता उपलब्ध पाए गए। महिला बंदी सुधा देवी ने बताया कि बच्चों को समय पर दूध और पौष्टिक आहार मिलता है, जबकि फल सप्ताह में एक बार दिया जाता है। इस पर जेल अधीक्षक को बच्चों के लिए फल एवं अन्य आवश्यक पोषण सामग्री समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

महिला बैरक की पाकशाला का भी निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई संतोषजनक मिली। निरीक्षण के समय रोटी, चावल, अरहर की दाल और आलू-कोहड़ा की सब्जी तैयार पाई गई।

निरीक्षण के बाद आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में सचिव नितिका राजन ने बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह जेल लोक अदालत आयोजित की जाती है, जिसमें जुर्म स्वीकारोक्ति के आधार पर मामलों का निस्तारण किया जाता है। इच्छुक बंदी जेल में कार्यरत पराविधिक स्वयंसेवकों के माध्यम से अपने मामलों को जेल लोक अदालत के लिए चिन्हित करा सकते हैं।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक सत्यप्रकाश, जेलर विजय कुमार पाण्डेय, डिप्टी जेलर गौरव सिंह, अजय कुमार, विरेश्वर प्रताप सिंह, आशीष कुमार राय (चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल), प्रवीण कुमार सिंह, अतुल कुमार राय तथा अन्य अधिकारी एवं पराविधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh