Accidental News / दुर्घटना की खबरें

पौहारी बाबा सरोवर में स्नान के दौरान युवती की डूबकर मौत, सीढ़ियों पर काई होने से फिसलने का आरोप

अतरौलिया, आजमगढ़। बूढ़नपुर क्षेत्र के सरैया स्थित प्रसिद्ध पौहारी बाबा सरोवर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में स्नान के दौरान एक युवती की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका की पहचान कुसुम देवी (20 वर्ष) पुत्री शिवपूजन, निवासी ग्राम नीवा, हुसैनपुर, थाना रामनगर, जनपद अंबेडकरनगर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अपने परिवार के साथ पौहारी बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आई थी।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कुसुम देवी रामसागर पोखरी में स्नान करने के लिए उतरी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सरोवर की सीढ़ियों पर अत्यधिक काई जमी होने के कारण उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। काफी मशक्कत के बाद उनका शव सरोवर से बाहर निकाला गया।

घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सरोवर की सीढ़ियों पर लंबे समय से काई जमी हुई है, जिससे पहले भी फिसलने की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका कहना है कि कई बार मंदिर प्रशासन को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन सफाई और सुरक्षा के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

सूचना मिलने पर अतरौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

वहीं, ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से सरोवर की सीढ़ियों की नियमित सफाई कराने, चेतावनी संकेतक लगाने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh