आजमगढ़ सरायमीर में फर्जी वरासत कर जमीन हड़पने का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कादनपट्टी मोड़ से दबोचा
सरायमीर, आजमगढ़। फर्जी वरासत और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए भूमि का अवैध बैनामा कर जमीन हड़पने के मामले में सरायमीर पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर राजस्व अभिलेखों में हेराफेरी कर संपत्ति पर अवैध कब्जा करने और धोखाधड़ी करने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सफुद्दीन पुत्र हकीमुद्दीन, निवासी नन्दाव थाना सरायमीर ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय, आजमगढ़ में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि मृतक नसीम अहमद की संपत्ति के उत्तराधिकार एवं वरासत संबंधी अभिलेखों में कूटरचित तथ्यों को दर्ज कराया गया। शिकायत में कहा गया कि मृतक की पत्नी नसरीन और उनके बच्चों के वैधानिक अधिकारों की अनदेखी करते हुए फर्जी तरीके से वरासत दर्ज कराई गई और बाद में जमीन का बैनामा कर धोखाधड़ी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 19 जून को उपनिरीक्षक राजकुमार यादव एवं उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त अब्दुल फहद (32 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय नसीम, निवासी राजापुर सिकरौर, थाना सरायमीर, कादनपट्टी मोड़ पर मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर शाम करीब 7:35 बजे कादनपट्टी मोड़ से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अब्दुल फहद के विरुद्ध थाना निजामाबाद में पहले से मु0अ0सं0 188/2019 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी, 419, 420, 467, 468 और 471 में भी मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार यादव, उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह तथा हेड कांस्टेबल अजय पाण्डेय शामिल रहे।



















































Leave a comment