पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे में दो की मौत चार घायल
आजमगढ़ जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुबह तड़के करीब 4:30 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 226.3 के पास सरदहा क्षेत्र में, जो तहबरपुर थाने के सामने स्थित अंडरपास के ऊपर है, एक अल्टो कार सवार लोग लखनऊ स्थित पीजीआई अस्पताल से दवा लेकर आजमगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप वाहन से अल्टो कार की पीछे से जोरदार टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि पिकअप चालक वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर लघुशंका के लिए नीचे उतरा था। इसी बीच तेज रफ्तार से आ रही अल्टो कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप में जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में शिवचंद्र (85 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सुंदर तथा ललिया देवी (65 वर्ष) पत्नी अरविंद कुमार, निवासी ग्राम अमिला, थाना घोसी, जनपद मऊ की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
वहीं, आदित्य (30 वर्ष), रोशन (18 वर्ष), साधना (22 वर्ष) तथा सूर्यांश गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
तहबरपुर थाने के उपनिरीक्षक सुर्लभ पांडे ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है!!


















































Leave a comment