Crime News / आपराधिक ख़बरे

आजमगढ़: ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया पर गैंग से जुड़ाव दिखाने वाले युवक पर देवगांव पुलिस का एक्शन

देवगांव, आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन वज्रपात के तहत देवगांव पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा कर अवैध गैंग से जुड़ाव प्रदर्शित करने वाले एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए युवक को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी।

पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान अजय कुमार (20 वर्ष) पुत्र विजय कुमार, निवासी कटघर लालगंज, थाना देवगांव की पहचान की गई। आरोप है कि युवक सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर अवैध गैंग से अपनी संबद्धता दिखाने का प्रयास कर रहा था, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो सकता था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए देवगांव पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर युवक के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत विधिक कार्रवाई की। इसके साथ ही उसे सोशल मीडिया के जिम्मेदार और कानूनसम्मत उपयोग के प्रति जागरूक किया गया तथा स्टंटबाजी, गैंग संस्कृति और आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार से दूर रहने की हिदायत दी गई।

आजमगढ़ पुलिस ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक और रचनात्मक उद्देश्यों के लिए करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने, हथियारों का प्रदर्शन करने, आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया पर सक्रिय असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह यादव एवं कांस्टेबल विपिन यादव शामिल रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh