Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़: हॉकी और फरसा लेकर रील बनाने वाला युवक थाने पहुंचा, जहानागंज पुलिस ने की काउंसलिंग

जहानागंज, आजमगढ़। सोशल मीडिया पर हॉकी और फरसा लेकर रील बनाकर रौब दिखाने वाले एक युवक के खिलाफ जहानागंज पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने युवक को अभिभावकों के साथ थाने बुलाकर काउंसलिंग की और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उसके विरुद्ध धारा 151 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान संदीप (22 वर्ष) पुत्र राजेश, निवासी कड़ासर, थाना जहानागंज की पहचान की गई। युवक ने हॉकी और फरसा हाथ में लेकर रील बनाई थी, जिसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह के वीडियो के जरिए युवक आपराधिक रौब दिखाने का प्रयास कर रहा था, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो सकता था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जहानागंज पुलिस ने युवक को उसके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया। वहां पुलिस अधिकारियों ने उसकी काउंसलिंग करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और उसके दुरुपयोग से होने वाले कानूनी परिणामों की विस्तृत जानकारी दी।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर आस्था जायसवाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन वज्रपात के तहत की गई।

आजमगढ़ पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें कानून का सम्मान करने तथा सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने, हथियारों का प्रदर्शन करने या सोशल मीडिया के माध्यम से दहशत फैलाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार, रिक्रूट कांस्टेबल सचिन साहू, कांस्टेबल लक्ष्मीनारायण तथा रिक्रूट महिला कांस्टेबल आंचल चौरसिया शामिल रहीं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh