अंक पत्र वितरण समारोह का हुआ आयोजन मेधावी छात्र सम्मानित
देवरिया।ग्रीष्मकालीन अवकाश से पूर्व शनिवार शाम विश्वनाथ त्रिपाठी शिक्षण संस्थान में अंक पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि गणेश शंकर मिश्र ने कहा कि विनम्रता ऐसी शक्ति है जो हर बाधा पर विजय दिलाती है। विनम्रता से सब कुछ संभव है। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि महात्मा गांधी कक्षा में अक्सर तृतीय स्थान प्राप्त करते थे, लेकिन आगे चलकर वह राष्ट्रपिता कहलाए। आप भी अपने अंदर ऐसी प्रतिभा विकसित करें कि जहां जाएं, लोग आपके सम्मान में खड़े हो जाएं। यही गुरु के लिए सबसे बड़ी दक्षिणा होगी।
विद्यालय के संचालक अरविंद त्रिपाठी ने कहा कि बच्चे नाजुक पौधे के समान होते हैं। हम पौधे को जैसी दिशा देंगे, वह वैसा ही बढ़ेगा। उन्होंने अभिभावकों व बच्चों से कर्तव्य और निष्ठा के साथ रुचि व लगन से पढ़ने की अपील की। कहा, विद्यालय भी बच्चों का एक परिवार है। सभी के सहयोग से बच्चा निश्चित ही सफलता प्राप्त करेगा।
इस अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्त, पूर्व पालिका अध्यक्ष अजीत जायसवाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं व नगर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।























































Leave a comment