पेट्रोल पंप पर जानलेवा हमले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, लोहे की राड बरामद
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बरडीहा उर्फ गडेरूआ स्थित विशेन बीएस पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर हुए मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की राड भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 15 मई 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे पिचरी गांव निवासी किशन चौहान अपने साथियों के साथ पेट्रोल पंप पर पहुंचा था। अधिक पेट्रोल देने को लेकर कर्मचारियों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि शाम करीब 7 बजे किशन चौहान 15-16 साथियों और एक महिला के साथ लाठी-डंडा, रम्मा तथा अन्य हथियार लेकर दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंच गया और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे अतरडीहा निवासी सतीश चंद सिंह के सिर पर आरोपियों ने लोहे की राड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़ित पेट्रोल पंप मैनेजर विवेक तिवारी की तहरीर पर मुबारकपुर थाने में मुकदमा संख्या 191/2026 धारा 3(5), 115(2), 352, 351(3), 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि 16 मई 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक वीरेन्द्र यादव ने टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी किशन चौहान पुत्र रामलक्षन चौहान, निवासी पिचरी, उम्र 22 वर्ष को औझौली पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल लोहे की राड भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

























































Leave a comment