ट्रेन की चपेट में आने से वृद्धा की मौत रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र के शाहगढ़ गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में वृद्धा महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं आरपीएफ और सिधारी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जानकारी के अनुसार शाहगढ़ गांव निवासी 65 वर्षीय कलावती देवी पत्नी स्व. श्यामलाल राम शुक्रवार सुबह घर से निकली थीं। बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय बलिया-शाहगंज पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतका के बड़े पुत्र विनोद कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की पहचान अपनी मां कलावती देवी के रूप में की। इसके बाद सिधारी थाना के उपनिरीक्षक मनीष मिश्रा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मृतका अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।





















































Leave a comment