Latest News / ताज़ातरीन खबरें

यॉटा डेटा सेंटर पार्क उत्तर प्रदेश की डिजिटल अर्थव्यवस्था को देगा नई गति : सुनील कुमार शर्मा

उत्तर प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने ग्रेटर नोएडा स्थित यॉटा डेटा सेंटर पार्क का दौरा कर वहां विकसित अत्याधुनिक डिजिटल अवसंरचना एवं परिचालन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान मंत्री का स्वागत यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPLC) के प्रबंध निदेशक आईएएस हिमांशु कौशिक द्वारा किया गया।

दौरे के दौरान मंत्री को यॉटा डेटा सेंटर पार्क की तकनीकी क्षमताओं, उपलब्धियों एवं उत्तर प्रदेश की डिजिटल अर्थव्यवस्था में उसकी भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। यॉटा प्रबंधन ने बताया कि कंपनी प्रदेश में अपने निवेश एवं परिचालन का तेजी से विस्तार कर रही है तथा 125 मेगावाट स्थापित क्षमता प्राप्त करने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है। यह परियोजना प्रदेश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

कैबिनेट मंत्री ने बड़े पैमाने पर संचालित डेटा सेंटरों की विद्युत एवं जल आवश्यकताओं तथा उनसे जुड़ी चुनौतियों की भी जानकारी ली। इस पर यॉटा प्रबंधन ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा अवसंरचना संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में निरंतर सहयोग दिया जा रहा है, जिससे उद्योग एवं सरकार के बीच मजबूत साझेदारी स्थापित हुई है।

दौरे के दौरान यॉटा द्वारा अपनाई गई एयर कूलिंग तकनीक का भी प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से शीतलन के लिए मीठे पानी की आवश्यकता को काफी हद तक कम किया गया है। साथ ही शेष जल आवश्यकताओं की पूर्ति एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) से उपचारित जल द्वारा की जा रही है, जो संसाधनों के सतत एवं जिम्मेदार उपयोग का उदाहरण है।

मंत्री को विशेष प्रस्तुति एवं सुविधा अवलोकन वीडियो के माध्यम से डेटा सेंटर की उन्नत तकनीक, विश्वस्तरीय अवसंरचना, परिचालन क्षमता एवं उच्च उपलब्धता सेवा प्रणाली की जानकारी भी दी गई। इसके बाद उन्होंने डेटा सेंटर पार्क का भ्रमण कर विभिन्न तकनीकी एवं परिचालन इकाइयों का निरीक्षण किया।

अपने संबोधन में मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य को देश के अग्रणी डिजिटल एवं डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यॉटा जैसी परियोजनाएं प्रदेश को वैश्विक डिजिटल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी तथा सरकार ऐसे निवेशों एवं परियोजनाओं को निरंतर प्रोत्साहन देती रहेगी।

इस अवसर पर यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPLC) के प्रबंध निदेशक आईएएस हिमांशु कौशिक, यॉटा के कॉर्पोरेट अफेयर्स प्रमुख मनीष आनंद सहित संगठन के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh