सीएम योगी आदित्यनाथ का बड़ा ऐलान इस विभाग ने होगी एक लाख नई भर्ती सीएम ने कहा आप सभी साफ नीयत से काम कीजिए
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी देते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस में लगभग एक लाख नई भर्तियों का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि योग्य और क्षमतावान युवा बड़ी संख्या में पुलिस बल का हिस्सा बनना चाहते हैं, जिसके लिए भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सीएम ने बताया कि हाल ही में यूपी होमगार्ड में 41 हजार पदों के लिए परीक्षा आयोजित की गई है, जबकि सिविल पुलिस, उपनिरीक्षक (एसआई) और अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग में चयनित 936 प्रधान परिचालक/प्रधान परिचालक (यांत्रिक) को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में विभाग पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया है। उन्होंने कहा कि पहले भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं और भेदभाव की शिकायतें सामने आती थीं, लेकिन अब बिना किसी सिफारिश या लेनदेन के केवल योग्यता और आरक्षण के आधार पर चयन किया जा रहा है। सीएम योगी ने युवाओं से अपील की कि वे ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि जब हर नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेगा, तभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश, जो कभी बीमारू राज्य के रूप में जाना जाता था, आज सामूहिक प्रयासों के बल पर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।




















































Leave a comment