Latest News / ताज़ातरीन खबरें

रश्मिरथी के हीरक जयंती वर्ष पर लखनऊ में तीन दिवसीय ‘रश्मिरथी पर्व’ 24 से

लखनऊ, 18 अप्रैल 2026।प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की कालजयी कृति रश्मिरथी के हीरक जयंती वर्ष के अवसर पर 24 से 26 अप्रैल तक तीन दिवसीय ‘रश्मिरथी पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा।
शनिवार को लोक भवन स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह आयोजन योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर स्मृति न्यास, नई दिल्ली द्वारा सांस्कृतिक कार्य विभाग के सहयोग से संपन्न कराया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री के ‘अमृतकाल’ संकल्पों के अनुरूप देश की सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
📅 कार्यक्रम की रूपरेखा
कार्यक्रम का शुभारंभ 24 अप्रैल को दिनकर की पुण्यतिथि पर होगा। इस अवसर पर ‘रश्मिरथी से संवाद’ स्मारिका का लोकार्पण किया जाएगा और दानवीर कर्ण के जीवन प्रसंगों पर आधारित नाट्य मंचन प्रस्तुत होगा। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि रहेंगे, जबकि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य वक्ता होंगे।
25 अप्रैल को स्वामी विवेकानंद के जीवन और विचारों पर राष्ट्रीय परिसंवाद एवं नाट्य मंचन आयोजित किया जाएगा। वहीं 26 अप्रैल को बाल गंगाधर तिलक के जीवन पर आधारित प्रस्तुति के साथ-साथ अटल बिहारी वाजपेयी की कविताओं पर आधारित संगीतमय नृत्य नाटिका ‘अटल स्वरांजलि’ मंचित होगी।
🎭 सांस्कृतिक आकर्षण
तीनों दिन प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से कार्यक्रम शुरू होंगे, जिनमें राष्ट्रीय परिसंवाद, काव्य प्रस्तुति और सांस्कृतिक आयोजन शामिल रहेंगे। इसके साथ ही प्रसिद्ध चित्रकार सरदार मनजीत सिंह द्वारा दिनकर, विवेकानंद, तिलक और अटल जी के जीवन पर आधारित चित्रकला प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र होगी।
🗣️ युवाओं को प्रेरित करने का उद्देश्य
कृषि मंत्री ने कहा कि ‘रश्मिरथी’ केवल साहित्यिक कृति नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समरसता और आत्मसम्मान का सशक्त संदेश देती है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं में कर्तव्यबोध, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस तीन दिवसीय ‘रश्मिरथी पर्व’ में भाग लेकर महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लें और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh