Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में रुद्रपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित

देवरिया ।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर की उपस्थिति में तहसील रुद्रपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।आयोजित इस दिवस में अधिशासी अभियंता आरईडी एवं जलनिगम अनुपस्थित पाए गए, जिनका स्पष्टीकरण तलब किया गया है। 
       जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस निर्धारित समय 10:00 बजे अनिवार्य रूप से आयोजित हो जाने चाहिए तथा अधिकारियों की ससमय उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
           जिलाधिकारी ने राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए धारा 24 एवं 116 से संबंधित पांच-पांच पुराने वादों की फाइलें मंगाकर जांच की तथा तहसीलदारों को इन मामलों का प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में पुराने प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए। जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि वर्ष 2023, 2024 एवं 2025 से संबंधित पुराने मामलों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाएगी।
           उन्होंने बंटवारे से संबंधित मामलों में पारित आदेशों का सख्ती के साथ अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि आदेश पारित होने के बाद भी यदि अनुपालन लंबित रहता है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
           जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों पर आज आयोजित ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण सत्रों की जांच के लिए चेकलिस्ट के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर लगभग डेढ़ दर्जन जिला स्तरीय अधिकारियों को भेजा। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की ड्यू लिस्ट, गर्भवती महिलाओं की जांच, दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता, मातृ शिशु कार्ड की स्थिति तथा बच्चों के नियमित वजन की जांच सुनिश्चित की जाए।
         सम्पूर्ण समाधान दिवस में चिलमन मुहान निवासी एक फरियादी द्वारा धारा 176 से संबंधित प्रकरण प्रस्तुत किए जाने पर जिलाधिकारी ने चकबंदी एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रकरण का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण करने का निर्देश दिया।
         ग्राम उसरा बाजार के ग्रामीणों द्वारा इंटरलॉकिंग सड़क पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की गई। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को मौके पर पहुंचकर जांच करने तथा अतिक्रमण हटाते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
          इसके अतिरिक्त ग्राम कोरवा निवासी दिव्यांग महिला लुरकी देवी को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने तथा उनका आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए गए। तहसील परिसर में ही उनका आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू कराई गई।
         ग्राम पिंडरी से संबंधित एक प्रकरण में पत्थर खड़ने के बाद भी उत्पन्न विवाद के निस्तारण के लिए  जिलाधिकारी ने दो लेखपाल एवं पुलिस टीम के साथ मौके पर जाकर प्रकरण का निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
      पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद एवं पारिवारिक मामलों जैसे संवेदनशील प्रकरणों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
        रुद्रपुर में आयोजित इस सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल  61 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 27, पुलिस विभाग के 08, विकास विभाग के 06, खाद्य एवं रसद विभाग के 04 तथा अन्य विभागों से संबंधित 16 प्रकरण शामिल रहे। 
         सम्पूर्ण समाधान दिवस में  उप जिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश निगम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एके गुप्ता, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh