जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण, मेंहदावल में मेगा विद्युत बिल समाधान शिविर आयोजित
मेंहदावल, 16 मई। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित एवं समग्र समाधान के उद्देश्य से मेंहदावल विद्युत सबस्टेशन पर 15 मई से 22 मई 2026 तक मेगा विद्युत बिल समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचकर अपनी विद्युत संबंधी समस्याओं का समाधान करा रहे हैं।
शनिवार को मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी ने शिविर का निरीक्षण किया और उपभोक्ताओं की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधाओं को लेकर गंभीर है और इसी उद्देश्य से इस विशेष समाधान शिविर का आयोजन किया गया है।
विधायक ने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस शिविर का लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि शिविर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित किया जा रहा है, जहां बिजली बिल संशोधन, गलत बिल, मीटर संबंधी शिकायतों समेत विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।
शिविर में अधिशासी अभियंता मेंहदावल, सभी जूनियर इंजीनियर और विद्युत विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में उपभोक्ताओं की शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया गया, जिससे लोगों में संतोष का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान बेलहर विकास क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख भूपेंद्र सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भूपेंद्र त्रिपाठी सहित विद्युत विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

























































Leave a comment