Latest News / ताज़ातरीन खबरें

गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार, घटेगा बैकलॉग : डीएम

देवरिया। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को गैस वितरण कंपनियों के विक्रय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में गैस वितरण की वर्तमान स्थिति, बैकलॉग और उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि पिछले एक सप्ताह के दौरान गैस वितरण के बैकलॉग में लगातार कमी आई है और आपूर्ति व्यवस्था पहले की तुलना में बेहतर हुई है। विक्रय अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि अगले सप्ताह तक बैकलॉग की स्थिति में और सुधार देखने को मिलेगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहें तथा गैस एजेंसियों और आपूर्ति विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाकर उपभोक्ताओं से सीधा संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आम लोगों को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने एजेंसी वार बैकलॉग के अनुसार गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने और “प्रथम आवक, प्रथम पावक” व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
बैठक में यह भी स्पष्ट चेतावनी दी गई कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh