छात्र की मौत पर उबाल चालक की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों का थाने पर प्रदर्शन बारिश में भीगते हुए सैकड़ों लोगों ने किया घेराव, मुआवजा, नौकरी और आवास की मांग
आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र में कक्षा 9 के छात्र की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। पकरडीहा गांव निवासी 14 वर्षीय आनंद राजभर की बीते बुधवार को स्कूल जाते समय गोरहरपुर के पास एक स्कूल बस की टक्कर से मृत्यु हो गई थी। घटना के पांच दिन बाद भी आरोपी चालक की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजन और ग्रामीण सोमवार को बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। आंधी और बारिश के बीच सैकड़ों लोग पैदल मार्च करते हुए अतरौलिया थाने के गेट पर पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। मृतक के पिता फिरतू राजभर ने बताया कि उनका परिवार बेहद गरीब है और उनका बेटा पढ़ाई में तेज था। उसकी असमय मौत से परिवार को गहरा आघात लगा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपी बस चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए, एक सदस्य को सरकारी नौकरी और सरकारी आवास उपलब्ध कराया जाए। धरना दोपहर करीब एक बजे शुरू हुआ, जो उपजिलाधिकारी बुढ़नपुर अभय राज पांडे और क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी के मौके पर पहुंचने के बाद समाप्त हुआ। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों की सभी मांगों को सुना गया है और नियमानुसार जो संभव होगा, वह किया जाएगा।























































Leave a comment