प्राथमिक विद्यालय चुरिया में कंप्यूटर शिक्षा को लेकर जांच, बीईओ ने दिए शिक्षक तैनाती के निर्देश।
देवरिया ।जनपद के लार क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय चुरिया में कंप्यूटर शिक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद शिक्षा विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए सोमवार को जांच की। खण्ड शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने विद्यालय पहुंचकर कंप्यूटर शिक्षा की व्यवस्था का जायजा लिया।
दरअसल, वायरल वीडियो में विद्यालय के कुछ बच्चे कथित तौर पर यह बताते नजर आए थे कि स्कूल में कंप्यूटर पढ़ाने के लिए कोई शिक्षक नहीं है और उन्हें कंप्यूटर की पढ़ाई नहीं कराई जाती। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से मामले की जांच कराने की मांग की थी। हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई थी।
इसी क्रम में खण्ड शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की। जांच के दौरान उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक सिकंदर आसिफ से कंप्यूटर शिक्षा के लिए शिक्षक की व्यवस्था करने को कहा। बीईओ ने शिक्षक अख्तर अली को विद्यालय में कंप्यूटर पढ़ाने की जिम्मेदारी देने के निर्देश दिए।
विभागीय जांच के बाद अब विद्यालय में बच्चों को नियमित रूप से कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराने की व्यवस्था किए जाने की बात सामने आई है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विभाग के निर्देश के बाद बच्चों को कंप्यूटर की पढ़ाई नियमित रूप से मिल सकेगी।



























































Leave a comment