Latest News / ताज़ातरीन खबरें

विद्यालय में भूकंप आपदा प्रबंधन की मॉक एक्सरसाइज, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए दिया गया प्रशिक्षण

देवरिया सलेमपुर। भूकंप जैसी आकस्मिक प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए प्रशासन एवं विभिन्न विभागों की तैयारियों, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखने के उद्देश्य से शुक्रवार को सलेमपुर नगर स्थित एक निजी विद्यालय में मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। यह अभ्यास राज्य स्तर पर भूकंप आपदा प्रबंधन एवं जन-जागरूकता के लिए आयोजित मॉक एक्सरसाइज के तहत कराया गया।
उपजिलाधिकारी सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी के दिशा-निर्देश तथा क्षेत्राधिकारी सलेमपुर गौरव सिंह की मौजूदगी में आयोजित अभ्यास के दौरान भूकंप की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न कर राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसमें प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, खोज एवं बचाव अभियान चलाने, घायलों को प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने तथा राहत सामग्री और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने का अभ्यास कराया गया।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान आपात स्थिति में सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और संचार व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अभ्यास के माध्यम से प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, राजस्व, स्थानीय निकाय सहित अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय और उनकी कार्यप्रणाली का भी आकलन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से आपदा के दौरान सामने आने वाली संभावित चुनौतियों और व्यवस्थागत कमियों की पहचान करने में मदद मिलती है। इसके आधार पर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाकर वास्तविक आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सकता है।
इस दौरान तहसीलदार सुशील कुमार, नायब तहसीलदार रविन्द्र मौर्य, हरि प्रसाद, राजस्व निरीक्षक राजेश सिंह, श्यामनाथ, नितेश चौबे सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सलेमपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह भी अभ्यास में उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh