युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित अभियुक्त पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार
आजमगढ़। अहरौला थाना पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में वांछित अभियुक्त को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने करीब छह माह पुराने मामले में कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर आजमगढ़ लाया।
पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को अहरौला थाना क्षेत्र की करीब 18 वर्षीय युवती के बिना बताए घर से चले जाने के संबंध में परिजनों की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया था। इस मामले में थाना अहरौला में मुकदमा अपराध संख्या 70/2026, धारा 87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी कर रहे थे।
विवेचना के दौरान पुलिस को युवती के मोबाइल नंबर पर घटना से पहले लगातार संपर्क करने वाले एक नंबर के धारक के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम युवती की तलाश और मामले में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पश्चिम बंगाल पहुंची।
पुलिस टीम ने 15 सितंबर 2026 को थाना शमशेरगंज, जनपद मुर्शिदाबाद पहुंचकर अभियुक्त शिवा मंडल (27) पुत्र बबलू मंडल, निवासी मोहल्ला ठाकुरपाड़ा, धुलियान, थाना शमशेरगंज, जनपद मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल को रात करीब आठ बजे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद 16 सितंबर को अभियुक्त का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और ट्रांजिट रिमांड के लिए उसे जंगीपुर, मुर्शिदाबाद स्थित न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय ने पत्रावलियों का अवलोकन करने के बाद अभियुक्त का 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया। इसके बाद पुलिस टीम अभियुक्त को लेकर 17 सितंबर को थाना अहरौला वापस पहुंची।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनीष मणि त्रिपाठी, आरक्षी शिवम मिश्रा और महिला आरक्षी शिवानी शामिल रहीं।


























































Leave a comment