फर्जी सीओ बनकर शराब का ठेका दिलाने के नाम पर ठगी, पांचवीं पास आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। गम्भीरपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खुद को पुलिस का सीओ/डिप्टी एसपी बताकर शराब का ठेका दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पीड़ित से 3.20 लाख रुपये की मांग की थी और 90 हजार रुपये नकद लिए थे। आरोपी के कब्जे से दो कूटरचित पुलिस अधिकारी पहचान पत्र, शराब ठेके का फर्जी आवंटन पत्र, पुलिस वर्दी और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर गम्भीरपुर थाने में आरोपी संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि संजय ने खुद को पुलिस विभाग का सीओ अधिकारी बताते हुए शराब का ठेका दिलाने के नाम पर 3.20 लाख रुपये की मांग की तथा 30 अगस्त को 90 हजार रुपये नकद लिए।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक सितंबर को पुलिस की वर्दी पहनकर मोबाइल फोन से वीडियो कॉल की और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ित का विश्वास हासिल किया। बाद में जब पुलिस अधिकारी के बारे में जानकारी की गई तो उसके फर्जी होने का पता चला।
लोकेशन के आधार पर गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 18 सितंबर को गम्भीरपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना तथा आरोपी की लोकेशन के आधार पर रानीपुर रजमों मोड़ के पास से संजय पुत्र स्व. श्रीराम, निवासी मगरावा, थाना गम्भीरपुर, आजमगढ़ को करीब 12:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।
वर्दी और फर्जी दस्तावेजों से बनाता था प्रभाव
पुलिस के मुताबिक आरोपी सीओ/डिप्टी एसपी की वर्दी पहनकर लोगों को वीडियो कॉल करता था। वह खुद को पुलिस विभाग का अधिकारी बताकर अपने पद और प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए शराब का ठेका, नौकरी सहित अन्य काम कराने का भरोसा देता था। पुलिस की वर्दी और कूटरचित पहचान पत्र दिखाकर लोगों को विश्वास में लिया जाता और फिर विभिन्न कार्य कराने के नाम पर रुपये मांगे जाते थे।
इन धाराओं में मुकदमा दर्ज
आरोपी के खिलाफ थाना गम्भीरपुर में मु0अ0सं0 226/2026 के तहत धारा 318(4), 319(2) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का वर्ष 2017 में भी धारा 420 भादवि के तहत गम्भीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज हो चुका है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल शनि कुमार और दुर्गेश कुमार शामिल रहे। साइबर सेल की टीम में प्रभारी साइबर सेल उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम, मुख्य आरक्षी ओमप्रकाश जायसवाल तथा कांस्टेबल श्याम कुमार और अमित सरोज शामिल रहे।


























































Leave a comment