चोरो ने एक घर को बनाया निशाना, नकदी जेवर समेत उठा ले गए सामान
देवरिया। भटनी ,लक्ष्मीपुर मठिया गांव में गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नकदी, आभूषण सहित अन्य सामान उठा ले गए। शुक्रवार की सुबह जब परिजनों की नजर घर में बिखरे सामान और टूटे बक्से पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। चोरी की जानकारी फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
लक्ष्मीपुर मठिया निवासी पार्वती देवी पत्नी लक्ष्मीकांत ठाकुर के घर में रात के समय चोर दाखिल हुए। परिवार के सदस्य बगल के कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने घर में रखे बक्सों को खंगाला और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सुबह घर की स्थिति देखकर परिजनों को चोरी का पता चला।
परिजनों के मुताबिक चोर कान के झुमके, पायल, मंगलसूत्र, ओम की माला, पीली धातु के आभूषण, नकदी और अन्य सामान ले गए। वहीं घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में तीन बक्से पड़े मिले। बक्सों से निकाले गए कपड़े और अन्य सामान खेत में बिखरा हुआ था। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को चोरी की सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर बाद भटनी थाना प्रभारी पंकज गुप्ता पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घर तथा आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। लोगो ने बताया कि पार्वती देवी का पुत्र चंद्रभूषण ठाकुर घटना के समय अपने मामा के घर गया हुआ था। जबकि उनके पति लक्ष्मीकांत ठाकुर मुंबई में निजी नौकरी करते हैं। यूपी-बिहार सीमा के बेहद करीब हुई चोरी की इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भी चर्चा और चिंता का माहौल है। पुलिस ने आसपास के रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। चोरी गए नकदी और सामान की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस जांच के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।


























































Leave a comment