Latest News / ताज़ातरीन खबरें

स्कूल के ग्राउंड में छात्र गिरा, अस्पताल में मौत से मचा हड़कंप

देवरिया। सलेमपुर नगर के एक निजी विद्यालय में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब गेम पीरियड के दौरान 11वीं कक्षा का 16 वर्षीय छात्र आयुष कुमार खेलते समय अचानक ग्राउंड में गिर पड़ा। आनन-फानन में स्कूल स्टाफ उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना को लेकर मृतक के पिता ने विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
 पिता ने बताई अस्पताल पहुंचने की पूरी कहानी
कोतवाली क्षेत्र के जयराम कौड़ियां गांव निवासी नारायण के मुताबिक उन्हें विद्यालय की ओर से अस्पताल पहुंचने के लिए कहा गया। पिता का कहना है कि जब वह अस्पताल पहुंचे तो वहां विद्यालय का एक कर्मचारी मौजूद मिला। उन्होंने अपने बेटे के बारे में पूछा तो तत्काल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसी दौरान एक डॉक्टर ने आकर उन्हें बताया कि उनके बेटे की मौत हो चुकी है।
पिता का सवाल है कि अगर स्कूल परिसर में उनके बेटे की तबीयत इतनी बिगड़ गई थी कि उसे अस्पताल ले जाना पड़ा, तो उन्हें समय रहते विद्यालय से क्यों नहीं बुलाया गया? उन्हें सीधे अस्पताल पहुंचने के लिए क्यों कहा गया और वहां पहुंचने पर डॉक्टर के माध्यम से बेटे की मौत की जानकारी क्यों मिली?
 कुछ दिन पहले छात्र की पिटाई का भी आरोप_पिता

मृतक के पिता ने एक और गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले विद्यालय के एक मास्टर ने उनके बेटे को मारा गया था। घटना की शिकायत लेकर वह विद्यालय पहुंचे थे। पिता के अनुसार उस समय संबंधित शिक्षक ने उनसे माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होने की बात कही थी।
अब कुछ ही दिनों बाद उसी विद्यालय में छात्र की अचानक मौत हो जाने से परिवार के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि मारपीट और वर्तमान मौत के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है।
गेम पीरियड में छात्र अचानक जमीन पर गिरा। उसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया और डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट छात्र की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट करने में अहम होगी। साथ ही परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच आवश्यक है।
 इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम छा गया।
आयुष अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। अस्पताल में बेटे का शव देखकर माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। 
घटना की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh