सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को थानाध्यक्ष की चेतावनी, जाम लगा तो होगा कड़ा अंजाम
बिलरियागंज आजमगढ़।बिलरियागंज थाने के नए थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने कार्यभार ग्रहण करते ही कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि सड़क, बाजार और सार्वजनिक मार्गों पर अनावश्यक रूप से सामान फैलाकर अथवा वाहनों को खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों को किसी भी स्थिति में मनमानी करने की छूट नहीं दी जाएगी। अतिक्रमण के कारण यदि सड़क पर जाम की स्थिति पैदा होती है और आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने व्यापारियों और दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क तक न फैलाएं और सार्वजनिक रास्ते को खाली रखें। साथ ही वाहन चालकों से भी निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करने का अनुरोध किया, जिससे बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
नए थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने अपराध नियंत्रण को लेकर भी स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि अपराधी कोई भी हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता बढ़ाने तथा आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनने की बात कही।
थानाध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उनके कार्यभार संभालने के बाद पुलिस की प्राथमिकताओं में यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण पर नियंत्रण और अपराध पर प्रभावी अंकुश प्रमुख रूप से शामिल बताए जा रहे हैं।



























































Leave a comment