मुठभेड़ में गोली लगने से बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार
•चोरी और नकबजनी की चार घटनाओं का खुलासा, लाखों के जेवरात व नकदी बरामद
•आरोपियों के कब्जे से तमंचा-कारतूस और चोरी में प्रयुक्त बाइक भी मिली
अखण्डनगर (सुलतानपुर)। अखण्डनगर पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के दौरान तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी और नकबजनी की चार घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किया गया। तीनों के पास से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 18,100 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर अखण्डनगर पुलिस टीम ने सोमवार रात करीब 1:15 बजे उमरी स्कूल के पास घेराबंदी की। पुलिस को वहां तीन संदिग्धों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दामोदरपुर निवासी विपिन निषाद के पैर में गोली लग गई। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने उसके साथी नागेंद्र उर्फ बबलू और नीरज को भी गिरफ्तार कर लिया।
चार मुकदमों से जुड़ा था गिरोह
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अखण्डनगर, चांदा और दोस्तपुर थानों में चोरी व नकबजनी के मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों ने बंद और सूने मकानों तथा दुकानों की रेकी कर रात में ताला या खिड़की तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। घरों से नकदी और आभूषण तथा दुकानों से सामान चोरी करने के बाद आरोपी फरार हो जाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन निषाद पुत्र रामदेव निषाद निवासी दामोदरपुर थाना कादीपुर, नागेंद्र उर्फ बबलू पुत्र लालता प्रसाद निवासी मझगवां थाना कादीपुर और नीरज पुत्र आशाराम निवासी अलीपुर कांपा थाना अखण्डनगर के रूप में हुई है। तीनों की उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई गई है।
जेवरात के साथ 18 हजार से अधिक नकदी मिली
पुलिस के मुताबिक, विपिन के पास से पीली धातु की एक चेन, मांगटीका और दो अंगूठियां तथा 7,000 रुपये नकद मिले। नागेंद्र के कब्जे से 11 चांदी के सिक्के और 5,500 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं नीरज के पास से दो बड़े कंगन, चार जोड़ी बच्चों के कंगन, 10 जोड़ी बिछिया, एक छोटा कंगन, 27 पायल, 20 बड़े व सात छोटे चांदी के सामान तथा एक छोटी अंगूठी बरामद हुई। उसके पास से 5,600 रुपये नकद भी मिले।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई होंडा मोटरसाइकिल संख्या यूपी 45 बीए 9725 भी बरामद कर उसे एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया है।
विपिन पर पहले से कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में विपिन निषाद का आपराधिक इतिहास सबसे लंबा है। उसके खिलाफ कादीपुर थाने में चोरी, नकबजनी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा दोस्तपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा और कादीपुर थाने में पुराने आपराधिक मामले भी दर्ज बताए गए हैं। नागेंद्र के खिलाफ भी चोरी और नकबजनी के कई मुकदमे दर्ज हैं। नीरज के खिलाफ अखण्डनगर, चांदा और दोस्तपुर थानों में चोरी से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं।
मुठभेड़ के बाद अखण्डनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक कन्हैया कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह समेत हेड कांस्टेबल अनिल मौर्या, राकेश राजपूत, कांस्टेबल विशाल यादव, विकास सक्सेना, अनूप कुमार यादव, भरत कुमार और संजय कुमार शामिल रहे।

























































Leave a comment