घाटमपुर मोड़ पर बाइक और वैगनआर की आमने-सामने भिड़ंत, छह घायल
•चार बाइक सवार युवकों समेत कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल, पांच जिला अस्पताल रेफर — बेलवाई मेले में विवाद के बाद पीछा किए जाने की चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
कादीपुर अखण्डनगर सुल्तानपुर। अखण्डनगर थाना क्षेत्र के घाटमपुर गांव के मोड़ पर सोमवार शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार बाइक और वैगनआर कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार चार युवकों समेत कार सवार दो लोग घायल हो गए। दुर्घटना में पांच घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। इनमें बाइक सवार विशाल वर्मा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बागवाड़ीह गांव निवासी विशाल वर्मा, शिवम वर्मा, प्रवेश वर्मा और आर्यन पांडे सोमवार को बाइक से बेलवाई धाम गए थे। शाम को चारों युवक बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान घाटमपुर गांव के मोड़ पर सामने से आ रही वैगनआर कार से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा और सड़क पर अफरातफरी मच गई।
दुर्घटना में बाइक सवार विशाल वर्मा, शिवम वर्मा, प्रवेश वर्मा और आर्यन पांडे के अलावा वैगनआर सवार मुन्नीलाल राजभर और उनकी बहू रंजना घायल हो गईं। बताया गया कि मुन्नीलाल राजभर अपनी बहू रंजना की विदाई कराने के बाद सजमनपुर से कोहड़ामेगना, पवई, आजमगढ़ जा रहे थे। रास्ते में घाटमपुर मोड़ पर हादसा हो गया।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही अखण्डनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अखण्डनगर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विशाल, शिवम, प्रवेश, आर्यन और मुन्नीलाल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया। रंजना का उपचार सीएचसी में किया गया।
मेले में विवाद के बाद पीछा किए जाने की चर्चा
हादसे के बाद क्षेत्र में यह चर्चा भी सामने आई कि बेलवाई मेले में किसी बात को लेकर बाइक सवार युवकों का कुछ लोगों से विवाद हुआ था और कथित तौर पर कुछ युवक उनके पीछे आ रहे थे। इसी दौरान घाटमपुर मोड़ पर हादसा होने की बात कही जा रही है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है।
तहरीर मिलने के बाद होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और जांच में तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

























































Leave a comment