कार सवार पर जानलेवा हमला, ईंट-पत्थर से किया कार क्षतिग्रस्त
देवरिया। स्थानीय थाना क्षेत्र में कार सवार दंपती पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने और वाहन में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर एक नामजद तथा दो अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भटनी कस्बे के विकास रोड हरिकीर्तन मोहल्ला निवासी जयशंकर वर्मा ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 29 जून की रात करीब 8:30 बजे वह अपनी पत्नी के साथ अपनी मारुति स्विफ्ट कार से देवरिया जा रहे थे। रास्ते में एलबीएस स्कूल के समीप स्थित एक गैराज के पास पहुंचने पर पहले से घात लगाए बैठे उमाशंकर वर्मा तथा उसके दो अज्ञात साथियों ने उनकी कार रोक ली।
आरोप है कि आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और ईंट से कार पर हमला कर दिया। इसके बाद कार का दरवाजा खोलकर जयशंकर वर्मा को बाहर निकालने का प्रयास किया तथा उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। किसी तरह दंपती वहां से जान बचाकर निकलने लगे तो आरोपितों ने कार पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए, जिससे वाहन का आगे और पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी उमाशंकर वर्मा तथा दो अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध बिभिन्न धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

























































Leave a comment