400 लीटर स्प्रिट, 624 पव्वा अपमिश्रित शराब, पैकिंग मशीन समेत शराब बनाने का सामान न्यायालय के आदेश पर किया गया निस्तारित
आजमगढ़। जनपद में मुकदमाती माल के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन दहन' के तहत पवई थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए अपमिश्रित शराब बनाने में प्रयुक्त लाखों रुपये मूल्य के सामान को विधिसम्मत तरीके से नष्ट कराया।
पुलिस के अनुसार, एफटीसी-2 न्यायालय के आदेश के अनुपालन में वर्ष 2021 में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित जब्त सामग्री का कानूनी प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया गया। नष्ट किए गए सामान में 400 लीटर स्प्रिट, 624 पव्वा अपमिश्रित देशी शराब, 100 क्यूआर कोड, 1000 सीसी के 100 ढक्कन, 7 किलोग्राम यूरिया, 1 किलोग्राम नौसादर, 71 खाली गत्ते, एक एल्कोहल मीटर, एक पैकिंग मशीन तथा 12 हजार रुपये नकद शामिल थे।
मुकदमाती माल का निस्तारण उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार की मौजूदगी में कराया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष पवई मनीष पाल, मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार सहित थाना पवई का पुलिस बल उपस्थित रहा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 'ऑपरेशन दहन' का उद्देश्य न्यायालय के आदेशों का समयबद्ध पालन करते हुए जब्त मुकदमाती माल का पारदर्शी, सुरक्षित और विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित करना है।

























































Leave a comment